पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार देर रात नियंत्रण रेखा पर जिले के कीरनी और कस्बा में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलाबारी की। इसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी से नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। लोग डर कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 8.20 बजे पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर हल्के हथियारों से और कुछ ही पलों बाद बड़े हथियारों से मोर्टार दागने शुरू कर दिए। सेना की चौकियों रिहायशी क्षेत्र को निशाना बनाना की गई गोलाबारी को जवानों ने उसी क्रम में जवाब दिया। इससे गांव कस्बा, कीरनी, मंधारा, दिगवार, तेडवां, डोकरी आदि में मोर्टार गिरने और उनके धमकों का शोर सुनाई देने लगा। जो लोग घरों के बाहर थे उन्होंने भाग कर बंकर अथवा घरों के सुरक्षित स्थानों में पनाह ली। समाचार लिखे जाने तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही।