हीरानगर (कठुआ)/पुंछ। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के साथ पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मनकोट सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर रातभर गोलाबारी की। दोनों घटनाओं में किसी नुकसान की खबर नहीं है। हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान ने शनिवार रात करीब 9:35 बजे से रविवार सुबह 4:30 बजे तक गोलाबारी की। पाकिस्तान ने बीके चक पोस्ट से गोलाबारी कर सतपाल और मनियारी पोस्ट को निशाना बनाया। सीमा पर सुरक्षा बांध के काम को बाधित करने के लिए पाकिस्तान पिछले कई महीने से गोलाबारी कर रहा है। एक सप्ताह सप्ताह पहले भी पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया, जिससे मनियारी गांव के कई घरों को नुकसान पहुंचा और मवेशी मारे गए थे।
उधर, पाकिस्तानी सेना ने रविवार सुबह पुंछ जिले के मेंढर सब डिवीजन के मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सुबह पांच बजे से घंटों गोलाबारी की। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।