कुछ दिन की खामोशी के बाद बुधवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने जिले में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया। पुंछ जिले के कृष्णाघाटी सेक्टर और मेंढर सबडिवीजन के मनकोट और बालाकोट सेक्टरों में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की गई।
इस दौरान मनकोट सेक्टर के सोनागली क्षेत्र में तैनात बीएसएफ की 72वीं बटालियन का जवान विकास चात्रेया पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उनकी हालत खतरे से बाहर है। देर रात तक तक मनकोट के बलनोई से लेकर बालाकोट तक के करीब 33 किलोमीटर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर रुक-रुककर गोलाबारी जारी रही। वहीं भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इन नापाक हरकतों का माकूल जवाब दिया।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह से बौखलाया हुआ है। संघर्षविराम का उल्लंघन कर वह आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में जुटा हुआ है। इस साल अभी तक पाकिस्तान ने 3200 से अधिक बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है, हर बार मात खाने के बाद भी पाकिस्तान सुधरने का नाम नहीं ले रहा है।
वहीं 27 और 28 दिसंबर को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी और मनकोट में भारी गोलाबारी की जवाबी कार्रवाई में पीओके के बट्टल क्षेत्र में 10 पाकिस्तानी सैनिक ढेर हुए थे। दो चौकियां पूरी तरह तबाह हुईं, जबकि कुछ अन्य चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा। पिछले दिनों नीलम वैली में भी पाकिस्तान को सैनिकों और सुरक्षा से जुड़े साजो-सामान का भारी नुकसान उठाना पड़ा था। भारी नुकसान उठाने के बावजूद पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।