पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कस्बा और किरनी सेक्टर में एक बार फिर गोले दागे। इतना ही नहीं सीमा पार से सेना व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार शेलिंग भी की जा रही है। भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है। वहीं कस्बा और किरनी सेक्टर के बाद पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर सेक्टर में भी गोले दागने शुरू किए हैं।
इससे पहले कल यानी कि सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में गोलाबारी की। रात करीब नौ बजे से लेकर मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक पाकिस्तान ने गोले दागे।
पाकिस्तानी सेना ने बीके चेक पोस्ट से बीएसएफ की सतपाल और मनियारी पोस्ट को निशाना बनाया। कुछ गोले लोगों के खेतों में भी गिरे, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दिया।
हालांकि इस गोलाबारी में किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार भारतीय सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के काम को बाधित करने के लिए पाकिस्तान रोजाना गोलाबारी करता है।