पाकिस्तानी सेना की ओर से शनिवार की रात की गई गोलाबारी में 18 मराठा लाई की सिग्नल यूनिट में तैनात जवान संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। इस बीच पाकिस्तान ने रविवार सुबह भी सीजफायर का उल्लंघन करते हुए नांबला गांव को निशाना बनाया।
उड़ी सेक्टर में सैन्य चौकियों के साथ ही हथलंगा, सिलिकूट व नांबला के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया था। प्रशासन ने लगातार हो रही गोलाबारी से एलओसी से सटे गांवों के लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना तैयार कर ली है। एसडीएम का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जारी बांध निर्माण कार्य को बाधित करने के लिए रेंजरों ने हीरानगर सेक्टर में शनिवार रात को भी गोलाबारी की। मनियारी और सतपाल पोस्ट के बीच बांध बनाने का काम शनिवार शाम शुरू होने के बाद रात 9:35 बजे से रविवार सुबह साढ़े चार बजे तक पाकिस्तान ने गोलाबारी की। करीब साढ़े सात घंटे की गोलाबारी में किसी नुकसान की जानकारी नहीं है। पिछले 16 सितंबर से पाकिस्तान इस क्षेत्र में लगातार गोलाबारी कर रहा है। दो बार पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया था। इसमें दो मकानों को नुकसान पहुंचा था।