पाकिस्तान ने लगातार तीसरे दिन मंगलवार देर रात तक एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन किया। जम्मू के पलांवाला सेक्टर, राजोरी के नौशेरा और उत्तरी कश्मीर के टंगधार सेक्टर में पाकिस्तान ने सेना की चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इसमें एक जवान शहीद हो गया। चार जवान तथा दो नागरिक घायल हुए हैं। सेना की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई में 10 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। इसके साथ ही कई पोस्ट भी तबाह हो गए हैं। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी चौकियों तथा सैनिकों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, मारे गए सैनिकों की संख्या के बारे में सेना की ओर से कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।
जम्मू में एलओसी पर पलांवाला (सुंदरबनी) सेक्टर के नत्थू टिब्बा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सेना की पोस्टों को निशाना बनाया। इन पोस्टों पर सेना की 18 जैक राइफल यूनिट तैनात है। पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब सेना के जवानों ने भी दिया, जिसमें पाकिस्तानी सेना की कई पोस्ट तबाह हुईं और आठ पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। पाक सेना की गोलाबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। उसकी पहचान नायक कृष्ण लाल गांव घिगडयाल, तहसील खौड के रूप में हुई है। परिवार में पत्नी शशि देवी हैं।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टंगधार सेक्टर में भी मंगलवार को दोपहर बाद पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जवाबी कार्रवाई में दो पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। गोलाबारी के दौरान कुछ मोर्टार सीधा रिहायशी इलाकों में गिरा जिनमें दो लोग घायल हो गए। इनमें एक पोर्टर बताया जा रहा है। गोलाबारी में दो जवान सिपाही दर्शन कुमार व नायक नीतेश कुमर घायल हो गए। दर्शन की हालत गंभीर पर उन्हें एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिन इलाकों को निशाना बनाया गया उनमें करनाह में स्थित जाल पोस्ट और शरारत पोस्ट, केरन में बलबीर पोस्ट, टंगधार सेक्टर की रावण, सूरी व दर्शन पोस्ट, त्रेहगाम, जुमा गूंद, केंठावाली पोस्ट और चोकिबल के इलाके शामिल हैं। करनाह सेक्टर में गोलाबारी के दौरान जाल पोस्ट के पास दो जाट रेजीमेंट के दो जवान हवलदार नरेंद्र सिंह व सिपाही मनोज कुमार घायल हो गए। रात साढ़े 12 बजे पाकिस्तान की ओर से राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भी सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान की संगर और बिजलीदार पोस्ट पर तैनात पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा कई भारतीय पोस्टों को निशाना बनाया गया। मोर्टार और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया गया। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक टंगधार सेक्टर में गोलाबारी चलती रही जिसके चलते आम लोगों में दहशत हैं। हंदवाड़ा के बंगस राजवाड़ तथा उड़ी में भी पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन किया।
गोलाबारी की आड़ में गुरेज सेक्टर में घुसपैठ कर रहे तीन आतंकी ढेर
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बगतूर इलाके में स्थित सेना की पंथ पोस्ट पर भी पाकिस्तानी सेना की ओर से फायरिंग की गई। पाकिस्तानी सेना द्वारा शाम करीब 6:15 बजे मोर्टार दागे गए। गोलाबारी आधा घंटा तक चलती रही। सेना के जवानों द्वारा भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। सूत्रों का कहना है कि फायरिंग की आड़ में आतंकियों के एक ग्रुप द्वारा घुसपैठ करने की कोशिश की गई जिसे वहां तैनात 36 आरआर के सतर्क जवानों ने नाकाम कर दिया। इस दौरान हुई भीषण मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।