फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान ने फिर की गोलाबारी, जवान शहीद, नागरिक की मौत, पाक के झूठे दावों का सेना ने दिया जवाब

Wed, 21 Aug 2019 01:04 AM IST
Pranjal Dixit न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू

सार

  • चार अन्य जवान घायल, कई मकानों और दो सरकारी स्कूलों को पहुंचा नुकसान
  • पुंछ के मनकोट, कृष्णा घाटी व कीरनी सेक्टर में रिहायशी इलाकों को भी बनाया निशाना
  • सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिकों और चौकियों को भारी नुकसान
विज्ञापन
एलओसी - फोटो : फाइल, अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर भारी गोलाबारी का सिलसिला रुक नहीं रहा है। मंगलवार को जिले के मेंढर के मनकोट, कृष्णा घाटी और कीरनी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे। इसमें एक जवान शहीद हो गया। चार अन्य जवान घायल हुए हैं। एक नागरिक की भी मौत हो गई।
विज्ञापन


देर शाम तक रुक-रुक कर चली गोलाबारी में दबराज गांव में कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। कीरनी में दो सरकारी स्कूल क्षतिग्रस्त हो गए। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिकों तथा पोस्टों को भारी नुकसान हुआ है।

सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि गोलाबारी में बिहार के रोहतास जिले के गोप बिगहा गांव निवासी नायक रवि रंजन सिंह शहीद हो गए। परिवार में उनकी पत्नी रीता देवी हैं। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे पाकिस्तानी सेना नेे कृष्णा घाटी व मनकोट सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को निशाना बना कर मोर्टार दागने शुरू कर दिए।
विज्ञापन


इस दौरान मनकोट क्षेत्र में सेना की एक अग्रिम चौकी के पास पाकिस्तान की तरफ से एक गोला आकर फटा, जिससे वहां तैनात नायक रवि रंजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने गोलाबारी के बीच से निकाल कर उन्हें मुख्यालय पहुंचाया। वहां से उन्हें हेलीकाप्टर से सैन्य अस्पताल उधमपुर भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। दबराज गांव में फकीरदीन के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद करीम की भी गोले की चपेट में आने से मौत हो गई।

भारतीय सेना की कार्रवाई में पाकिस्तान की दो चौकियां पूरी तरह तबाह हो गईं, जिनमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सेना के जवान मारे जाने की सूचना है। इससे पहले सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक जिले के कीरनी सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने गांव को निशाना बना कर भारी गोलाबारी की, जिसमें क्षेत्र के दो सरकारी स्कूलों को नुकसान हुआ है।
विज्ञापन

पुंछ-राजोरी में 15 अगस्त से लगातार गोलाबारी

पाकिस्तान 15 अगस्त से लगातार गोलाबारी कर रहा है। रविवार को पुंछ के मनकोट, राजोरी के नौशेरा व जम्मू के पलांवाला सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर की गई फायरिंग में पुंछ में 10 साल की लड़की घायल हो गई थी। इससे पहले शनिवार को नौशेरा सेक्टर में की गई गोलाबारी में देहरादून निवासी लांस नायक संदीप थापा शहीद हो गए थे। स्वतंत्रता दिवस पर भी पाकिस्तान की ओर से कृष्णा घाटी सेक्टर में सेना की चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया था।
 

सेना ने पाकिस्तान के दावे को नकारा

सेना ने एलओसी पर क्रास बार्डर फायरिंग में छह जवानों के मारे जाने के पाकिस्तानी सेना के दावे को खारिज किया है। सेना के अनुसार फायरिंग में छह जवानों के मारे जाने की बात झूठी है। पुंछ जिले में एक जवान शहीद तथा चार अन्य घायल हुए हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार पहले सीजफायर का उल्लंघन और फिर जवानों के मारे जाने की झूठी खबर केवल अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करने का पाकिस्तानी षडयंत्र है। ज्ञात हो कि इससे पहले पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता आसिफ गफूर ने ट्वीट कर तत्तापानी क्षेत्र में एक अधिकारी समेत छह जवानों के मारे जाने की खबर ट्वीट की थी। साथ ही कहा था कि भारतीय गोलाबारी में तीन पाकिस्तानी नागरिक मारे गए हैं। 
 

धुंध की आड़ में आतंकियों को धकेलने की कोशिश

इन दिनों पुंछ में एलओसी पर काफी धुंध रह रही है। खराब मौसम का फायदा उठाते हुए आतंकियों को इस पार धकेलने की कोशिशें हो रही हैं। इसके लिए पाकिस्तानी सेना की ओर से सीजफायर का उल्लंघन कर कवर फायर दिया जा रहा है। चूंकि, पुंछ में एलओसी के जरिये घुसपैठ के लिए मुफीद रास्ता माना जाता है। इस वजह से इन इलाकों को आतंकी पसंदीदा रूट के तौर पर अख्तियार करते हैं। यहां से होते हुए दक्षिणी कश्मीर में दाखिल होने में भी सहूलियत रहती है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें