जेकेएलएफ के पूर्व आतंकी जावेद अहमद मीर उर्फ जावेद नलका
- फोटो : फाइल, अमर उजाला
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एयरफोर्स कर्मियों की हत्या मामले में बुधवार को जेकेएलएफ के पूर्व आतंकी जावेद अहमद मीर उर्फ जावेद नलका को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद उसे जमानत भी मिल गई। 1990 में श्रीनगर में स्कवाड्रन लीडर समेत चार कर्मियों की आतंकियों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में नल्का भी आरोपी है।
जावेद 1980 में पीएचई में काम करता था। इसके बाद वह आतंकवाद में शामिल हो गया। पानी आपूर्ति से जुड़े पीएचई विभाग में कार्यरत होने के चलते उसका नाम नल्का पड़ गया। दरअसल, नलका कश्मीरी भाषा में नल को कहा जाता है। 25 जनवरी 1990 में रावलपुर श्रीनगर में एयरफोर्स कर्मियों पर आतंकियों ने हमला दिया था।
इसमें स्कवाड्रन लीडर रवि कुमार सहित 4 कर्मियों की मौत हुई। 40 से अधिक महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों को गंभीर चोटें आईं। इस मामले में यासीन मलिक के अलावा शामिल आरोपियों में नलका का नाम भी है। सीबीआई इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट दायर कर चुकी है। 1995 में इस केस पर यासीन मलिक ने सिंगल बेंच के आदेश पर रोक लगवा ली। कुछ देर पहले ही यह रोक हटाई गई थी। इसके बाद यासीन मलिक गिरफ्तार किया गया।