सीबीआई ने जम्मू रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। इस संदर्भ में आरोपी से करीब सात घंटे तक टीम ने पूछताछ की और कई तरह का रिकार्ड जब्त किया है। स्टेशन मैनेजर के कमरे में ही पूछताछ चलती रही।
स्टेशन पर पार्किंग का ठेका लेने वाले ने सीबीआई के पास शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार अश्विनी शर्मा ने सीबीआई को बताया कि स्टेशन मैनेजर अजय गुप्ता ने उससे दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी है और उसे तंग किया जा रहा है।
आरोपी ने उसे कहा कि वह दस हजार की रिश्वत दे तो वह प्रताड़ित करना बंद कर देगा। उससे पार्किंग को लेकर किसी तरह की पूछताछ नहीं होगी। शुक्रवार को पीड़ित ने सीबीआई को आपबीती सुनाई।
सीबीआई ने एक टीम गठित कर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम शाम तीन बजे अजय गुप्ता के प्लेटफार्म नंबर 1 पर सूचना केंद्र के पास स्थित कार्यालय में पहुंची और रंगेहाथए गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दरवाजा बंद कर रात करीब 10 बजे तक आरोपी के कार्यालय में ही कई चरणों में पूछताछ की।
दरवाजे के बाहर रेल सुरक्षा बल और पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया। आरोपी के मोबाइल फोन भी रख लिए। साथ ही बैंक खातों, रेलवे रिकार्ड की जांच की। टीम ने कई तरह का रिकार्ड जब्त कर लिया है। अब आगे की पूछताछ होगी।