मांड इलाके में हादसे का शिकार हुई कार। स्रोत: संवाद
- फोटो : udhampur
मांड इलाके में शुक्रवार तड़के हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोअर मांड इलाके में शुक्रवार तड़के एक कार के पैराफिट से टकराने से दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना उधमपुर से करीब 16 किलोमीटर पहले लोअर मांड में सुबह करीब तीन बजे हुई। जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार में सवार तीन यात्री पटनीटॉप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर राजमार्ग के पैराफिट से जा टकराई।
हादसे में कार के एयरबैग खुलने के बावजूद दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आरएस पुरा, जिला जम्मू के रठाना क्षेत्र निवासी अशोक कुमार (45) और सुनील कुमार (30) के रूप में हुई है।
तीसरे साथी को गंभीर चोटों के कारण जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। जीएमसी उधमपुर में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करने के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।