संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। गांव चन्नो चक में सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार (जेके-02सीएल 9000) और बाइक (जेके 02 एएम 4361) के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा कि कार झिड़ी से मिश्रीवाला जा रही थी और बाइक सवार पकियां से चावल लेकर घर जा रहे थे। इसी बीच चन्नो चक में पुल के पास तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा में बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार और मोटरसाइकिल 12 फुट गहरे नाले में गिर गए. जिससे दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया जबकि बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल के आसपास भारी जाम लग गया। लोगों ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। कानाचक पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने घायलों को मृतक घोषित कर दिया। इनकी पहचान नूर आलम (58) पुत्र साईं निवासी बुर्ज जसवां और नूर दीन पुत्र मोहम्मद यूसफ निवासी लल्याल कानाचक के रूप में हुई। नूर आलम के चार बच्चे हैं, जिसमें दो की शादी हो चुकी है। कानाचक पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की। साथ ही वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।