जम्मू से पालमपुर तक परमवीर साइकिल रैली 18 से
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव कत्याल में शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान परमवीर चक्र विजेता कैप्टन बाना सिंह को सम्मानित किया गया। इसकी जानकारी सेवानिवृत ब्रिगेडियर हरचरण सिंह, जम्मू हिल्स स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान प्रवीण रैना, कर्नल वीरेंद्र साही, आदि ने दी।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च को जम्मू से पालमपुर तक परमवीर साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य देश की सरहद की सुरक्षा में अपना योगदान देने वाले परमवीर चक्र विजेता कैप्टन बाना सिंह जैसे बहादुरों का मनोबल बढ़ाने और शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करना है। रैली का शुभारंभ बलिदान स्तंभ जम्मू से होगा और पालमपुर में इसका समापन होगा। रैली में महिलाओं सहित 21 प्रतिभागी शामिल होंगे जो 220 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। जम्मू हिल्स स्पोर्ट्स क्लब, एसएस जैन सभा, आदि संस्थाओं के सहयोग से इस रैली का आयोजन एनसीसी एचडब्ल्यूओ के राष्ट्रीय प्रशासक तथा वार फाउंडेशन के निदेशक ब्रिगेडियर हरचरण सिंह की देखरेख में होगा।
वक्ताओं ने कहा कि बाना सिंह ने सियाचिन ग्लेशियर को पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त कराने के अभियान में अपने साथियों के साथ अप्रतिम शौर्य का प्रदर्शन किया था। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते वक्त वीरगति को प्राप्त परमवीर चक्र विजेता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के अलावा 7 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मरणोपरांत सर्वोच्च परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा, ताकि देश की युवा पीढ़ी ऐसे शूरवीरों के जीवन से प्रेरणा पाकर देश की रक्षा में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित हो सकें।