जम्मू मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के तीसरे दीक्षांत समारोह में शनिवार को वर्ष 2018-19 बैच के 92 युवा डॉक्टरों को डिग्रियां प्रदान की गईं। अकादमिक स्तर पर छह टॉपरों को गोल्ड मेडल दिए गए। इसके अलावा आठ डिस्टिंक्शन होल्डरों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। करियर की शुरुआत कर रहे युवा डॉक्टरों को मानवता की सेवा करने की शपथ दिलाई गई।
जीएमसी के सभागार में शनिवार सुबह जम्मू विश्वविद्यालय के नियमों के मुताबिक दीक्षांत समारोह की प्रक्रिया शुरू की गई। जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार धर ने दीक्षांत समारोह को शुरू करवाने की अनुमति दी। इस बीच सभागार में अकादमिक रैली निकाली गई। इसमें सभी विभागों के एचओडी और फैकल्टी सदस्यों ने शिरकत की। इसके बाद मंच पर काले गाउन में पहुंचे युवा डॉक्टरों को बारी-बारी डिग्रियां दी गईं।
इसके बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और डिस्टिंक्शन होल्डरों को मेडल व प्रमाणपत्र दिए गए। इसमें माइक्रोबायोलाजी की किरण आनंद को ओवरऑल मेरिट में टाप करने पर गोल्ड मेडल दिया गया। उन्हें डिस्टिंक्शन में भी रहने पर मेडल और प्रमाणपत्र मिला। इसी तरह दूसरे स्थान पर रहने वाली सूभन्य महाजन को गोल्ड मेडल और पैथालोजी व माइक्रोबायोलाजी में डिस्टिंक्शन पर मेडल व प्रमाण पत्र दिए गए।