लॉकडाउन के चलते जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से स्थगित की गईं 12वीं कक्षा की तीन परीक्षाएं मई के अंत तक हो सकती हैं। बोर्ड इन परीक्षाओं के आयोजन पर विचार कर रहा है। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि इनकी तिथियां कभी भी घोषित की जा सकती हैं।
वर्तमान में 10वीं कक्षा की सभी लिखित परीक्षाएं हो चुकी हैं, पेपर चेकिंग चल रही है। दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम भी जल्द घोषित किए जा सकते हैं। वहीं, दसवीं की प्रैक्टिकल परीक्षा पर बोर्ड ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
बोर्ड की चेयरपर्सन वीणा पंडिता ने बताया कि 12वीं की शेष रहीं परीक्षाओं पर दो चार दिन में फैसला हो सकता है। प्रयास है कि परीक्षाएं मई के अंत तक करवा दी जाएं। इसके लिए प्रशासन से अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।