जम्मू विश्वविद्यालय में आगामी दिनों नैक (नेशनल असेसमेंट एक्रिडेशन कमेटी) के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए तैयारी जोर-शोर से जारी है। 27 से 30 सितंबर को नैक टीम का दौरा करीब सात साल के अंतराल के बाद होने जा रहा है।
कुलपति प्रो. आरडी शर्मा की अध्यक्षता में प्री नैक टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुकी है। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) के अधीन नैक टीम विश्वविद्यालय के सभी विभागों के कामकाज की समीक्षा करती है। जम्मू विश्वविद्यालय एप्लस श्रेणी में आता है। किसी भी विवि को उसके कामकाज के आधार पर श्रेणी में बांटा जाता है, जिसके बाद उसी के आधार पर यूजीसी की ओर से फंड जारी किया जाता है।
इसमें देखा जाता है कि विभिन्न विभागों ने कितने स्कालर लाए, कितने प्रोजेक्टों पर काम हुआ, कितने पेपर प्रस्तुत किए। गत मार्च में प्री नैक टीम ने जम्मू विश्वविद्यालय के सभी विभागों में दौरा कर खामियों को दूर किया था। इसमें पावर प्वाइंट रिपोर्ट तैयार की गई है। अप्रैल 2009 में नैक टीम ने दौरा किया था।
अमूमन पांच साल बाद नैक टीम विवि के कामकाज का जायजा लेने आती है। नैक टीम के दौरे की सुगबुगाहट को देखते हुए सभी विभागों में खामियों को दूर करके अकादमिक सहित अन्य ढांचे को मजबूत बनाने पर काम किया जा रहा है। नैक टीम विश्वविद्यालय के सभी विभागों के कामकाज का जायजा लेकर अकादमिक सहित अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगाती है।