जम्मू विश्वविद्यालय में एमएससी बायो केमिस्ट्री की खाली सीटों पर प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के पास ऑन द स्पाट एडमिशन का मौका है। बुधवार आठ अगस्त को वह डायरेक्टर, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के कार्यालय में रिपोर्ट कर सकते हैं। शर्त यह है कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी वर्तमान सत्र (2018-19) के लिए आयोजित जम्मू विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (जेयूईटी) उत्तीर्ण कर चुके हों।
अभ्यर्थी बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। दोपहर डेढ़ बजे विभाग के बाहर चयनित अभ्यर्थियों की सूची चस्पा की जाएगी। दोपहर दो बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल दस्तावेजों को लाने के लिए कहा गया है। उन्हें आन लाइन जेयूईटी एडमिशन फार्म, जेयूईटी स्कोर कार्ड, मैट्रिक डिप्लोमा और मार्क्स कार्ड, 12वीं क्लास की मार्क्सशीट और डिप्लोमा सत्यापन के लिए लाने होंगे। आठ अगस्त को रजिस्ट्रेशन के लिए रिपोर्ट करने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर ही सूची तैयार की जाएगी।