इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने के कारण विद्यार्थियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समय विभिन्न संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है और सभी संबंधित कार्य ऑनलाइन होने हैं। नेट सेवाएं प्रभावित होने के कारण विद्यार्थियों को संस्थानों द्वारा अपडेट की गई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस कारण वह असमंजस में हैं।
जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के मुताबिक छह अगस्त को पहली मेरिट सूची जारी की जानी थी, लेकिन नेट सेवाएं प्रभावित होने से जेयू ने पहली मेरिट सूची जारी करने की तिथि को बढ़ा दिया है। नई तिथि अभी तक स्पष्ट नहीं की गई है। जेयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स ने बताया कि प्रशासन जल्द ही दाखिले को लेकर बैठक कर नई नोटिफिकेशन जारी करेगा और फिर उसी के अनुसार दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुरानी नोटिफिकेशन के अनुसार 23 अगस्त तक सभी विभागों द्वारा दाखिला प्रक्रिया पूरी कर 26 अगस्त को कक्षाएं शुरू की जानी थी, लेकिन शहर के हालात सामान्य न होने और नेट सेवाएं प्रभावित होने के कारण सभी काम देरी से शुरू होगा।
वहीं, आयुष कॉलेजों में दाखिले के रजिस्ट्रेशन करने वाले विद्यार्थियों को नेट सेवाएं प्रभावित होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आयुष कॉलेजों में दाखिले के लिए अंतिम तिथि 14 अगस्त है, लेकिन नेट बंद होने से कई उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन नहीं करा पा रहे हैं। इस मामले में अभी तक प्रशासन की ओर से रजिस्ट्रेशन की तिथि में बदलाव को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।