जम्मू विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कालेजों में आगामी 24 जून से तीन वर्ष (छह सेमेस्टर) बीए/बीएससी/बीकाम (जनरल)/बीबीए/बीसीए कोर्स (समर जोन) के पहले सेमेस्टर के लिए शुरू हो रहे दाखिलों के लिए वीरवार से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई।
कालेजों में आनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कालेज प्रशासनों की ओर से कई इंतजाम किए गए हैं। 21 जून तक आनलाइन आवेदन लेने के बाद 24 जून को पहली कट आफ मेरिट जारी की जाएगी। इसमें कालेज प्रशासनों की ओर से करीब तीन कट आफ मेरिट जारी की जाती हैं।
महिला कालेज गांधीनगर में पहले ही दिन 527 छात्राओं ने आनलाइन आवेदन किया। प्रिंसिपल डा. किरण बख्शी ने बताया कि 21 जून तक आनलाइन आवेदन में हजारों आवेदन आने की उम्मीद है। आवेदन के साथ मेरिट सूची तैयार की जा रही है।
इसी तरह महिला कालेज परेड में विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने को चार कंप्यूटर स्थापित किए गए हैं। इसमें जो विद्यार्थी साइबर कैफे से आवेदन नहीं कर सकती हैं, वे कालेज में आकर नि:शुल्क आवेदन कर सकते हैं।
प्रिंसिपल प्रो. रेणु गोस्वामी ने बताया कि आवेदन के लिए सभी उचित इंतजाम किए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी किया जा रहा है। कालेज लाइफ को लेकर हजारों विद्यार्थियों में बेसब्री से इंतजार है। बीए/बीएससी/बीकाम सेमेस्टर के लिए जेके स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन और दूसरे मान्यता प्राप्त स्कूलों से बारहवीं (सभी विषय) में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी दाखिला प्रक्रिया के लिए योग्य होंगे।
इसमें कालेजों में सीटों की उपलब्धता पर दाखिला दिया जाएगा। कंबिनेशन विषयों में प्रमुख विषय पाने के लिए आवेदकों में कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। कालेजों में कट आफ मेरिट की पहली सूची में मनपसंद विषय पाने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित अंक फीसदी में टाप करना होगा।
शहर के कालेजों में छह हजार सीटें
शहर के कालेजों में ही करीब छह हजार सीटों के लिए विद्यार्थियों में कड़ी टक्कर रहेगी। इसमें फिजिक्स, इलेक्ट्रानिक, कंप्यूटर आदि प्रमुख विषयों में ज्यादा संघर्ष रहा है। इस बार यूजीसी की ओर से कई नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इसमें कंबिनेशन विषयों में विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा।