अकादमिक सत्र 2016-17 में विभिन्न अकादमिक प्रोग्रामों (पीजी विभागों) में दाखिले के लिए आगामी 12 जून को होने जा रहे जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (जेयूईटी) 2016 में उम्मीदवार उत्तर पुस्तिका की कार्बन कापी साथ ले जा सकेंगे।
परीक्षा में पारदर्शिता लाने के साथ उम्मीदवार उत्तर-की के साथ अपने उत्तरों को घर बैठकर जांच सकेंगे। परीक्षा की तैयारी में हजारों उम्मीदवार जुटे हुए हैं। आनलाइन प्रक्रिया में 12 हजार से अधिक आवेदन आए हैं, जिससे एक-एक सीट के लिए कांटे की टक्कर रहेगी।
एंट्रेंस में क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को जम्मू विश्वविद्यालय, मुख्य कैंपस/आफसाइट कैंपस और मान्यता प्राप्त कालेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रोग्राम, पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी, स्नातक) डिप्लोमा प्रोग्राम और अंडर ग्रेजुएट (यूजी, 12वीं,) प्रोग्राम में दाखिला दिया जाएगा।
परीक्षा के अगले दिन 13 जून को उत्तर की, संबंधित वेबसाइट पर जारी की जाएगी। एंट्रेंस के लिए बनाए गए मानदंड में एके डमिक मेरिट में 75 प्रतिशत और एंट्रेंस टेस्ट में 25 प्रतिशत अंक लेने वाले को दाखिला प्रक्रिया में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। जेयूईटी में हजारों विद्यार्थियों के शामिल होने से कड़ी टक्कर रहेगी।
एंट्रेंस टेस्ट के लिए जम्मू के अलावा कठुआ, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह, राजोरी, पुंछ, श्रीनगर और लेह में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उम्मीदवार राहुल बख्शी ने कहा कि उन्होंने परीक्षा की पूरी तैयारी की है, लेकिन परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग से काफी ध्यान से प्रश्नों के जवाब लिखने पड़ेंगे। परीक्षा में हजारों उम्मीदवारों के बैठने से कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। वहीं, विवि प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया जाएगा।