अंतर जिला स्तरीय वालीबाल चैंपियनशिप (गर्ल्स) में जिला जम्मू की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अंडर 14 आयु वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
रियासी में हुए खिताबी मुकाबले में विजेता टीम के खिलाड़ियों ने कांटे की टक्कर में जिला सांबा को शिकस्त दी। इसके अलावा अंडर 17 आयु वर्ग में मेजबान जिला रियासी बनाम जिला सांबा और अंडर 19 आयु वर्ग में जिला जम्मू बनाम जिला उधमपुर के बीच वीरवार को खिताबी भिड़ंत होगी।
बुधवार को खेले गए अंडर 14 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में जिला जम्मू और जिला सांबा की खिलाड़ियों ने शुरू से ही एक-दूसरे पर जोरदार हमले जारी रखे। सांबा की खिलाड़ियों ने पहले सेट में 25-20 से जीत दर्ज कर 1-0 से बढ़त हासिल की।
एक समय ऐसा लग रहा था कि सांबा की खिलाड़ी जीत अपनी तरफ ले जाएंगी, लेकिन जम्मू की खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए अगले दो सेट में 25-22 और 26-24 से जीत दर्ज कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। हालांकि आखिर तक सांबा की खिलाड़ियों ने टक्कर देते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। अंडर 19 आयु वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में जिला जम्मू ने जिला सांबा को सीधे सेट में 25-17, 25-21 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में जिला उधमपुर की टीम ने जिला कठुआ को 25-16, 25-20 से मात दी। अंडर 17 आयु वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में जिला सांबा ने जिला उधमपुर को 25-17, 25-19, दूसरे सेमीफाइनल जिला रियासी ने जिला डोडा को 25-11, 25-12 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों आयु वर्गों के खिताबी मुकाबलों में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।