प्रदेश के सरकारी स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने के लिए अब क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) की मदद ली जाएगी। क्यूसीआई की टीम नई दिल्ली, ग्रेट मुंबई और ओडिशा के स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर काम करेगी। शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को लेकर वित्त आयुक्त डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में जम्मू में बैठक के दौरान विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शिक्षा विभाग की आयुक्त सचिव सरिता चौहान, क्यूसीआई के प्रतिनिधि मौजूद थे।
आयुक्त सचिव सरिता चौहान ने कहा कि क्यूसीआई के साथ मिलकर काम करने का प्रोजेक्ट प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता सुधार में कारगर रहेगा। प्रोजेक्ट के तहत आंतरिक समीक्षा के लिए टीमें बनाई जाएंगी। यह टीमें विद्यार्थियों और शिक्षण स्टाफ के स्तर का आकलन करने के बाद एक कार्ययोजना तैयार करेंगी। जिसे चरणवार रूप से लागू किया जाएगा। इस प्रक्रिया की लगातार समीक्षा भी की जाएगी।
असेसमेंट एजेंसी आंतरिक और बाहरी आकलन की टीमों से समन्वय बनाकर काम करेगी। इस पूरी प्रक्रिया में सूचना प्रौद्योगिकी के उपकरण भी इस्तेमाल में लाए जाएंगे। वहीं, क्यूसीआई के प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए एजेंसी नई दिल्ली नगर निगम, ग्रेटर मुंबई नगर निगम समेत ओडिशा में भी प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।