जम्मू में कर्फ्यू के कारण स्कूल बंद होने से बुधवार को जम्मू जिला में होने वाली आठवीं और नौवीं की सोशल साइंस की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। कर्फ्यू खुलने के बाद ही आगामी परीक्षाएं करवाई जाएंगी। अंग्रेजी और सोशल साइंस की परीक्षाओं के लिए जल्द ही नई तिथियां घोषित की जाएंगी। शिक्षा निदेशक अनुराधा शर्मा ने कहा कि आठवीं और नौवीं की बुधवार को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है।
उधर शहर के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को कई चरणों में कर्फ्यू में ढील देने से लोगों को कुछ राहत मिली। इसमें जम्मू ईस्ट और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पांच दिन के बाद ढील गई है, जबकि जम्मू साउथ में देर शाम तक ढील दी गई। ढील मिलने पर कई बाजार आंशिक तौर पर खुले। लोगों ने जरूरी सामान की खरीदारी की।
ढील के बावजूद एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन की ओर से शराब की दुकानों और बार को बंद रखा गया है। जिला विकास आयुक्त रमेश कुमार के अनुसार नाइट कर्फ्यू जारी है। बुधवार की सुबह हालात की समीक्षा कर कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। इस दौरान शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे और सभी तरह की परीक्षाएं स्थगित की गई हैं।
जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार की सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक नावाबाद, जम्मू सिटी और पीर मिट्ठा थाना क्षेत्र में कर्फ्यू में ढील दी गई। कर्फ्यू में ढील मिलते ही हजारों की संख्या में लोग जरूरी सामान की खरीदारी के लिए सड़कों पर आ गए। बाजारों में दुकानें खोली गई। जानीपुर, पक्का डंगा, बस स्टैंड, बख्शीनगर थाना क्षेत्राधिकार में दोपहर बाद तीन से सायं छह बजे ढील मिली।
गांधीनगर, त्रिकुटानगर, बाग-ए-बाहु, सतवारी और गंग्याल थाना क्षेत्राधिकार के तहत आने वाले इलाकों में दोपहर साढ़े तीन से शाम सात बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। संवेदनशील इलाकों में भी कर्फ्यू में ढील के दौरान कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।