जम्मू विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों में खाली बची सीटों पर दाखिले के लिए एक दिवसीय काउंसलिंग 16 मार्च को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय में ही काउंसिलंग दो चरणों में होगी। काउंसलिंग के साथ ही दाखिला भी होगा। विभिन्न विभागों में खाली सीटों की सूची 15 मार्च सोमवार को विश्वविद्यालय के नोटिस बोर्ड के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
कोरोना के कारण इस बार विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। स्नातक के अंकों की मेरिट के आधार पर दाखिला हो रहा है। जम्मू विश्वविद्यालय में डीन अकादमिक अफेयर नरेश पादा ने कहा कि विभिन्न विभागों में 99 प्रतिशत तक सीटों पर दाखिला हो चुका है। कुछ विभागों में सीटे बची हैं, जिनमें दाखिले की प्रक्रिया शुरू करनी है।
इसके लिए एक दिवसीय काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसमें पहले चरण में आरक्षित वर्ग के छात्रों की काउंसलिंग होगी। इस दौरान अगर आरक्षित वर्ग की सीटों पर योग्य उम्मीदवार नहीं मिले तो वह सीटें सामान्य वर्ग में मेरिट के आधार पर भरी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सोमवार को छात्रों को पता चल जाएगा कि किस विभाग में कितनी सीटें बची हैं। पहले चरण में काउंसलिंग सुबह 10 से 11:30 बजे तक होगी, जबकि दाखिला दोपहर 12 से 1:30 बजे तक होगा। वहीं दूसरे चरण की काउंसलिंग दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक होगी, जबकि दाखिला 2:30 बजे से शुरू होगा।