मंडल गांव में द्वारका नाथ शास्त्री की स्मृति में धार्मिक समागम का आयोजन किया गया।
जम्मू। द्वारका नाथ शास्त्री की मधुर स्मृति में मासिक धार्मिक समागम का आयोजन मंडल गांव में हुआ। इस दौरान शास्त्री की पवित्र समाधि पर सत्संग और श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। गंगाधर महाराज ने कहा कि कार्यक्रम को आयोजित करने का उद्देश्य संत समाज को आमंत्रित कर ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता का जश्न मनाना है। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। कार्यक्रम के दौरान हजारों लोगों की भीड़ के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ऑपरेशन के नायकों और भारत के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
पहलगाम में कैबिनेट बैठक साहसिक कदम
जम्मू। जम्मू-कश्मीर नेशनल काॅन्फ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष एडवोकेट रतन लाल गुप्ता ने पहलगाम में हुई कैबिनेट बैठक की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह साहसिक और आश्वस्त करने वाला कदम है, जो आतंकवाद को हराने और घाटी में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार के अटूट संकल्प को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में यह ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक महज नियमित प्रशासनिक बैठक नहीं बल्कि यह देश के लोगों के लिए एक शक्तिशाली संदेश है कि जम्मू और कश्मीर एकजुट है। पहलगाम में उच्चस्तरीय सरकारी बैठक इस बात का मजबूत संकेत है कि सामान्य स्थिति न केवल वापस आ रही है बल्कि इसे गर्व और उद्देश्य के साथ पुनः प्राप्त किया जा रहा है।