सोमवार को एक दुकानदार की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मंगलवार को गुस्साए परिवार वालों और स्थानीय दुकानदारों ने सरकार से मुआवजे की मांग के लिए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साढ़े तीन घंटे तक जम्मू-अखनूर मार्ग को जाम रखा। लोग हादसे में मारे गए दुकानदार सुरेंद्र कुमार (बिल्ला) के परिवार वालों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया, लेकिन लोग नहीं माने। दोपहर दो बजे के करीब सहायक आयुक्त शहनाज चौधरी ने मौके पर आकर लोगों को आश्वासन दिया कि वह रेडक्रास की ओर से मृतक के परिवारवालों को बीस हजार रुपये सहायता अनुरूप देंगी। इसके बाद लोगों ने धरना उठाया।
इससे पहले मांग पूरी नहीं होते देख प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। गौरतलब है कि सोमवार को बाबा का तालाब गुड़ा सिंघू में स्कूटर चालक सुरेंद्र कुमार निवासी पारदा (अखनूर) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी।
मुसाफिर हुए परेशान
मिश्रीवाला में सड़क पर शव रख कर पीड़ित परिवार के लिए सरकार से अनुदान की मांग कर रहे लोगों ने जाम लगाया। इसमें मुसाफिर परेशान रहे। जाम में सेना की गाड़िया भी फंसीं रहीं।
स्थानीय लोगों ने इकट्ठे किए पैसे
मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक मदद देने के लिए स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने पैसे इकट्ठे किए। दोपहर दो बजे तक एक लाख रुपये तक इकट्ठे कर लिए गए थे।
पुलिस देती रही इंश्योरेंस का तर्क
पुलिस वाले मृतक के परिवार वालों की पैरवी करने वाले नेताओं को तर्क देते रहे कि मृतक का एक्सीडेंट क्लेम मिल जाएगा। इसके लिए पुलिस केस को पुख्ता बनाएगी, लेकिन लोग मृतक के परिवार वालों को तुरंत सरकार की ओर से राहत देने की मांग कर रहे थे। मृतक के दो छोटे-छोेटे बच्चे हैं। उनका पालन-पोषण मुश्किल हो जाएगा।
सड़क को लेकर दिखा लोगों में गुस्सा
जम्मू-अखनूर सड़क के चौड़ीकरण नहीं होने से हादसे हो रहे हैं। यह बात सड़क जाम करने वाले लोगों ने कई बार दोहराई। लोगों का कहना था कि सरकार सड़क को जल्दी फोर लेन करे।