अखनूर के दुकानदार एसडीएम को ज्ञापन देते हुए।
- फोटो : RSPURA
अखनूर कस्बे के बस स्टैंड पर जम्मू से आने वाली बसों के न रुकने से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों का शिष्टमंडल मंगलवार को एसडीएम अखिल सडोत्रा से मिला। उनको पेश आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
समाजसेवी रघुवीर सिंह, सुशील शर्मा के नेतृत्व में शिष्टमंडल में शामिल दुकानदारों ने एसडीएम को बताया कि पहले जम्मू से पलांवाला जाने वाली बसें स्टील ब्रिज से आती थीं और बस स्टैंड पर रुकती थीं। इससे दुकानदारों को मंदी का सामना नहीं करना पड़ता था।
अब जबकि जम्मू से पलावाला जाने वाली बसें नए पुल से वाया दस्काल से होते हुए बस स्टैंड पर न रुकते हुए ज्यौड़ियां पलांवाला चली जाती हैं, जिससे कस्बे में जाम की स्थिति बन जाने के साथ दुकानदारों को मंदी की मार का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने एसडीएम से आग्रह किया कि पूर्व की तरह जम्मू से पलांवाला जाने वाली बसें स्टील ब्रिज से आएं और पलांवाला से जम्मू जाने वाली बसें वाया दस्काल से जाएं। इससे जाम की समस्या से निजात पाई जा सकती है।
एसडीएम ने दुकानदारों की समस्याओं को सुनने के पश्चात दुकानदारों को आश्वासन दिया कि आप लोगों की समस्याओं का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा। शिष्टमंडल में शालू पंडित, विल्लू शर्मा, राकेश कुमार, शामलाल, विजय कुमार आदि शामिल रहे।