जम्मू- कठुआ मार्ग पर रविवार से बसें दुबारा चलना शुरू हो जाएंगी। छह दिनों से सरोर टोल प्लाजा के खिलाफ हड़ताल पर चल रहे जम्मू- कठुआ बस यूनियन ने दीवाली तक हड़ताल को स्थगित किया है। शनिवार को ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में यह फैसला लिया गया। त्योहारी सीजन में हड़ताल के स्थगित होने से आम लोगों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। 25 से दीवाली की छुट्टियां भी हो रही है। इस फैसले से लोगों को त्योहारी सीजन में आवाजाही में आसानी होगी।
शनिवार को ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष टीएस वजीर और जम्मू- कठुआ बस यूनियन के बीच हुई बैठक में हड़ताल स्थगित करने पर सहमती बनी। बैठक में कहा कि त्योहारी सीजन में बसों की हड़ताल रहने से आम लोगों को परेशानी होगी। मांगे नहीं मानने पर एसोसिएशन से प्रशासन और सरकार को त्योहारी सीजन के दुबारा चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
सरोर टोल प्लाजा, एन वाहन पंजीकरण नियम और नए मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने 17 अक्तूबर को राज्य व्यापी हड़ताल की थी। हालांकि प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद एसोसिएशन के हड़ताल को स्थगित किया था, लेकिन जम्मू-कठुआ बस यूनियन ने अपनी हड़ताल पर जारी रखी थी। जम्मू - कठुआ मार्ग पर जम्मू से तीन सौ के करीब बसें चलती हैं, जिनमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग सफर करते हैं।