कश्मीर घाटी में आतंकियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार रात कुलगाम में आतंकियों ने सेना के एक अधिकारी का अपहरण कर हत्या कर दी।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जम्मू के अखनूर में तैनात लेफ्टिनेंट उमर फयाज कुलगाम में एक शादी समारोह में छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। इसी दौरान आतंकियों ने उनका अपहरण कर लिया। बुधवार सुबह शोपियां में लेफ्टिनेंट का शव बरामद किया गया। शव पर गोलियों के दो निशान मिले हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लेफ्टिनेंट उमर ने वर्ष 2016 में ही सेना में कमीशन प्राप्त किया था। पुलिस ने आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अभी तक हत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक घाटी में आतंकी युवाओं को पुलिस और सेना की नौकरी छोड़ने की धमकी दे रहे हैं और उसी वजह से लेफ्टिनेंट की हत्या की गई।