तरुण चुघ से मुलाकात करते चैंबर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधिमंडल
रविवार को चैंबर ऑफ कामर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने तरुण चुघ से की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस वे को लेकर जम्मू के कुंजवानी, सैनिक कॉलोनी, छन्नी हिम्मत, नरवाल सेक्टर में फ्लाईओवर के निर्माण से संबंधित मुद्दे को लेकर व्यापारी लामबंद हो रहे है। रविवार को चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी तरुण चुघ से मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाया।
प्रतिनिधिमंडल के इस मुद्दे से तरुण चुघ ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अवगत करवाया। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को सोमवार को श्रीनगर में नितिन गडकरी से मिलने को कहा। चैंबर के अध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुंजवानी क्षेत्र से आगे चल रहे एक्सप्रेस वे का निर्माण में खंभों पर आधारित फ्लाईओवर बनाया जाना चाहिए। क्योंकि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जिसमें स्कूल, अस्पताल, बाजार, सब्जी मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी बस स्टैंड और नए रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म शामिल हैं। वर्तमान में यहां काम ब्लाइंड वॉल पर किया जा रहा है। इससे न सिर्फ कारोबार प्रभावित हो रहा है बल्कि लोगों को आवाजाही में भी समस्या आ रही है। यह काम पिल्लर पर होगा तो इससे न तो सड़क छोटी होगी और न ही लोगों का कारोबार प्रभावित होगा। जम्मू से सांसद जुगल किशोर शर्मा ने भी सार्वजनिक महत्व के इस मुद्दे के बारे में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है।