जम्मू। नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर कासिम नगर इलाके में बनाए गए एक भवन को सील कर दिया है। भवन जम्मू मास्टर प्लान 2032 के नियमों के अनुसार नहीं बना था। न ही इसके लिए नगर निगम से एनओसी लिया गया था। शिकायत मिलने पर नगर निगम ने मामले की जांच की जिसमें भवन का निर्माण अवैध पाया गया।
संयुक्त आयुक्त अशीष गुप्ता की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने जैसे ही भवन को सील करने को कार्रवाई शुरू की तो भवन मालिक ने एतराज जताया। इस दौरान बहस भी हुई। टीम ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई कर भवन को सील कर दिया। यह भवन कासिम नगर में तनवीर अहमद ने बनवाया है। पहले भी मालिक को स्थिति स्पष्ट करने के लिए नोटिस जारी हुआ था। साथ ही टीम की जांच में भी भवन अवैध पाया गया था। उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवहेलना होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।