अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू से श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 18 अगस्त को पुंछ स्थित देव स्थान के लिए रवाना होगा। यह घोषणा बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज डोनेरिया ने शनिवार को जम्मू में पत्रकार वार्ता के दौरान की।
उन्होंने बताया यात्रा के लिए विधिवत भूमि पूजन 17 अगस्त को होगा और 27 अगस्त तक यात्रा चलेगी। बजरंग दल की ओर से 2005 से श्री बूढ़ा अमरनाथ जी की यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आतंकवादियों ने यात्रा में खलल डालने और पुंछ जिले से हिंदुओं के पलायन की साजिश रची थी, जिसके जवाब में बजरंग दल ने देशभर से 50 हजार बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को 2005 में यात्रा में शामिल किया था। अब हर साल प्रशासन के साथ मिलकर बजरंग दल यात्रा का आयोजन कर रहा है। इससे पुंछ जिले में हिंदुओं में विश्वास भी बढ़ा है।
बजरंग दल के प्रांत संयोजक कार्तिक सूदन ने बताया कि यात्रा में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए बजरंग दल पर्याप्त व्यवस्था प्रशासन के सहयोग से करने में जुटा है। इस अवसर पर विहिप के प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष राजेश गुप्ता, बाबा अमरनाथ एवं बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास के महामंत्री सुदर्शन खजूरिया, बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक जन्मेजय और कृष्ण आदि मौजूद रहे।