पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन नापाक हरकत को अंजाम देते हुए जिले के मेंढर सब डिवीजन के मनकोट व कृष्णा घाटी सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया। इसमें भारतीय सैन्य चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया, जिसमें बीएसएफ के एक सब इंस्पेक्टर (एसआई) और दो ग्रामीण घायल हो गए। सूत्रों की माने तो पाकिस्तानी सेना गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ कराने का प्रयास कर रही है, जिसे भारतीय सेना नाकाम कर रही है।
घायल एसआई की पहचान गोकुल आनंद ओझा 168 बटालियन बीएसएफ के रूप में हुई है। आशिक हुसैन और मकसूद अहमद दोनों निवासी मनकोट भी घायल हो गए। देर रात तक पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी जारी रही, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। सोमवार दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे पाकिस्तानी सेना ने जिले के मनकोट सेक्टर के बलनोई, घानी, नाड़ मनकोट, चोई मनकोट व दबराज में गोलाबारी शुरू कर दी। मोर्टार और तोप के गोलों की आवाज कई किलोमीटर दूर मेंढर कस्बे तक सुनाई दे रही है। इससे पूर्व रविवार को भी पाकिस्तानी सेना ने इसी क्षेत्र में भारी गोलाबारी की थी। इसमें सेना के एक अधिकारी सहित पांच जवान घायल हो गए थे।