उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बीएसएफ जवान को उसके ही साथी कर्मी ने गोलियों से भून डाला। आरोपी जवान को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक जवान की शिनाख्त कुरुक्षेत्र थाने के पिपली (हरियाणा) इलाके के खिर्मच गांव के रहने वाले हेड कांस्टेबल चंद्रभान (971545278) के तौर पर हुई है। पुलिस और बीएसएफ ने शुरुआती जांच में पाया कि जवान की हत्या अपने ही एक अन्य कर्मी ने की है।
आरोपी कर्मी की शिनाख्त कांस्टेबल रविंदर सिंह (041520020) के तौर पर हुई है जो कुपवाड़ा जिले के तंगधार का रहने वाला है और घटना के दिन शाम 7 बजे से 10:20 तक गार्ड ड्यूटी पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे जिले के मादर इलाके में स्थित 1055 बीएसएफ कैंप (आर्टिलरी) में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई, लेकिन कुछ देर बाद जवानों ने कैंप के भीतर अपने ही एक जवान को खून में लथपथ जमीन पर गिरा हुआ पाया।
इसके अलावा मौके पर से इंसास राइफल के 9 कारतूस और 3 जिंदा कारतूस मिले। आरोपी जवान के खिलाफ आरपीसी की धारा 302 के अंतर्गत एफआईआर 163/2017 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आरोपी की ओर से इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
J&K: A BSF Jawan died after allegedly being shot during a scuffle with his colleagues in Bandipora's Mader. Police registered a case, investigation underway.
— ANI (@ANI) November 28, 2017