सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल बीएसएफ जवान सुमित कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है। पंजाब पुलिस की सूचना के आधार पर 11 जुलाई को सुमित को सांबा सेक्टर से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 9 एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन और 80 कारतूस भी बरामद किए गए थे। 13 जुलाई को सुमित के पास से 32 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई थी। इस राशि को उसने हथियारों और नशा तस्करों ने अपनी मदद के एवज में दिया था। पंजाब के गुरदासपुर निवासी सुमित के खिलाफ वहां केस भी दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद जवान को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद कोर्ट ऑफ इनक्वायरी के आदेश दिए गए। जांच में पाया गया कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में था। वह हथियारों और नशे की तस्करी में शामिल था। जुलाई महीने में आरोपी ने तस्करी की थी। जब तक इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, आरोपी पंजाब पुलिस की हिरासत में रहेगा।
बीएसएफ के आईजी एनएस जमवाल का कहना है कि पंजाब पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुमित के अलावा एक सैन्य कर्मी समेत आठ लोगों को मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे पूछताछ चल रही है।