बता दें कि पाकिस्तान से क्रॉस फायरिंग में आठ जवान घायल हुए थे, जिसमें सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज का बलिदान शनिवार को हो गया था। आज पूरे सम्मान के साथ पुष्पांजलि समारोह फ्रंटियर मुख्यालय जम्मू में हुआ।
पाकिस्तान के हमले में घायल लोगों को दें सर्वश्रेष्ठ उपचार
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जीएमसी जम्मू के निदेशक को घायलों की उचित देखभाल करने के निर्देश दिए हैं। वे रविवार को जीएमसी का निरीक्षण करने पहुंचे। इस मौके पर उपराज्यपाल ने पाकिस्तान की गोलाबारी में घायल हुए लोगों से बातचीत की। 14 घायल जीएमसी में उपचाराधीन हैं। ये घायल रिहाड़ी, नौशेरा और तिरयाठ के रहने वाले हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घायलों को सर्वश्रेष्ठ उपचार देने की आवश्यकता है। उपराज्यपाल ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से घायलों के हालात की जानकारी हासिल की। जीएमसी प्रबंधन ने सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर होने की बात कही है।
जीएमसी में ये हैं उपचाराधीन
राजवंश सिंह (13), गुरमीत सिंह (55), अंजु बाला (48), पूनम टंडन (52), शोभित टंडन (28) निवासी पुंछ, अशोक कुमार (48) निवासी राजौरी, रमीज खान (48) निवासी खिलानी पुंछ, हितकाशी निवासी रिहाड़ी, विनीत गुप्ता पुत्र सतीश गुप्ता (45) रिहाड़ी, नीरज गुप्ता पुत्र इंद्र प्रकाश (53) निवासी रिहाड़ी, राजिंद्र कुमार (50) निवासी रिहाड़ी, आजिया बीबी पुत्री दिल मोहम्मद (14) निवासी खैरी करन, शमा बेगम पत्नी गुलाम रसूल (50) अपर थातर बनतालाब, सोहन लाल (30) पुत्र गौरी लाल निवासी नौशेरा, मोहम्मद इशफाक पुत्र मुश्ताक हुसैन (14) तिरयाठ शामिल हैं।