एसीबी ने की कार्रवाई, आरोपी ने 15560 रुपये की सिक्योरिटी डिपाॅजिट जारी करने के लिए मांगी राशि
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरशन लिमिटेड (केपीडीसीएल) सब ट्रांसमिशन डिवीजन सोपोर के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में एक कैशियर को नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एक प्रवक्ता ने बताया कि एसीबी को कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में कैशियर मोहम्मद शफी भट के खिलाफ शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया गया कि वह 15560 रुपये की सिक्योरिटी डिपाॅजिट जारी करने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायतकर्ता हजरतबल में एमएस प्रिंट प्लस फर्म चला रहा है। 2021 में उसने कार्यकारी अभियंता सोपोर के कार्यालय को स्टेशनरी और लॉग बुक की आपूर्ति की थी, जिसके लिए बिल का भुगतान किया गया था। विभाग की ओर से सामान की आपूर्ति तो कर दी गई, लेकिन सिक्योरिटी डिपाॅजिट का 15,560 रुपये बकाया है। इसके लिए कई बार विभाग से संपर्क किया, लेकिन आरोपी मोहम्मद शफी किसी न किसी बहाने से इसमें देरी करता रहा और उसने काम करने के बदले दस हजार रुपये की मांग की। सोमवार को एसीबी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लोक सेवक को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते रंगे हाथ काबू कर लिया। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में रिश्वत की राशि भी उससे बरामद की गई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।