तवी नदी में फंसा किशोर पल-पल मौत को सामने देख रहा था। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उसे न डरने का दिलासा दे रहे थे, लेकिन दूर तवी के बीच खड़े सोहन लाल को पानी के शोर में कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा था। दोपहर 12.30 बजे तवी के बीच फंसा सोहन पानी के बहाव के बीच मौत को साक्षात देख रहा था। अंतत: उसकी हिम्मत ही काम आई और जब उसकी टांगों तक पानी पहुंचा तो उसने छलांग लगाई और जिंदगी की जंग जीत ली।
जाके राखे साईयां, मार सके न कोय
जाके राखो साईयां मार सके न कोय, किशोर सोहन के सही सलामत तवी नदी से बाहर आने के बाद लोगों का धन्यवाद इन्हीं शब्दों में अदा किया साथ ही ईश्वर का भी शुक्रिया अदा किया।
पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे
तवी नदी में सोहन के फंसने के बारे में जब चिनैनी प्रशासन के अधिकारियों को पता चला तो नायब तहसीलदार मोहम्मद सलीम व पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। रास्ते में कई जगह पर मार्ग बंद होने के कारण उन्हें पैदल ही बैणी संगम के रास्ते मौके पर पहुंचना पड़ा, लेकिन तब तक उसे निकाल लिया गया था।
अमर उजाला ने की पहल
किशोर सोहन जब तवी नदी में फंसा था वहां मौजूद हर शख्स उसे बचाने के लिए उपाय कर रहा था। लोगों ने अमर उजाला ऑफिस में फोन कर मदद मांगी। जन सरोकार की पत्रकारिता करने वाले अमर उजाला ने अपना कर्तव्य निभाते हुए डिव कॉम संजीव वर्मा, उपायुक्त रवींद्र कुमार से बात कर मदद का आग्रह किया। इस पर सभी अधिकारी सक्रिय हुए। किशोर को हेलीकॉप्टर की मदद से निकालने की योजना बनी परंतु खराब मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। इसके बाद रामबन व उधमपुर से अफसरों की टीम को रवाना किया गया। लगातार हो रही बारिश और नालों में बढ़ा पानी काफी दिक्कतें पैदा करता रहा। प्रशासन की तरफ से एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम जल्द पहुंचने के बारे में कहा गया, लेकिन उससे पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से उसे निकाल लिया गया।