चक अवतारा रिंग रोड पर सड़क हादसे पशु की मौके पर मौत, घायलों को जीएमसी जम्मू भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिश्नाह के चक अवतारा रिंग रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इसमें बोलेरो वाहन में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा तब हुआ जब मीरा साहिब से विजयपुर की ओर जा रही बोलेरो अचानक सड़क पर आई भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। घायलों में वाहन चालक करम चंद गुप्ता, योग राज, सुनीता कुमारी, रणजीत सिंह और मनी राम शामिल हैं। सभी घायल सोहांजना, कूल पचेल और मकवाल के निवासी हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बिश्नाह उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर बिश्नाह पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने रिंग रोड पर आवारा पशुओं की मौजूदगी पर सवाल खड़े किए हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।