जम्मू संभाग में बारहवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा का आगाज अगले सप्ताह हो रहा है। परीक्षाओं में बस चंद दिन शेष रहते देख अब विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन के लिए पढ़ाई में डूब गए हैं। स्कूल से लेकर अभिभावक तक विद्यार्थियों के अध्ययन में सहयोग दे रहे हैं।
जम्मू जिले में स्टेट इंस्टीट्यूट आफ एजुकेशन आठवीं की बोर्ड परीक्षा का का आयोजन करवाता है और इसका आगाज 24 फरवरी से अंग्रेजी के पेपर के साथ होगा। बारहवीं की बोर्ड परीक्षा का आगाज 25 फरवरी से होगा।
दसवीं की बोर्ड परीक्षा चार मार्च से शुरू हो रही है। परीक्षाओं के करीब आने पर स्कूली शिक्षा बोर्ड में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
परीक्षा केंद्रों के बारे में जिला प्रशासन को जानकारी दी जा चुकी है। पुलिस के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो चुके हैं। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि नकल को रोकने के लिए उड़न दस्तों के औचक दौरे परीक्षा केंद्रों में होंगे।
राज्यपाल के सलाहकार परवेज दीवान भी बोर्ड अधिकारियों को परीक्षा को सुचारु रूप से साफ-सुथरे ढंग से आयोजित करने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं।