अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अमर उजाला फाउंडेशन का श्री महाराजा गुलाब सिंह (एसएमजीएस) अस्पताल में सुबह 10 बजे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगेगा। इसमें एसएसपी ट्रैफिक अमित बसीन रक्तदाताओं का उत्साह वर्धन करेंगे। जम्मू मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के डीन डॉ. आशुतोष गुप्ता भी डॉक्टरों की टीम के साथ मौजूद रहकर शिविर की कमान संभालेंगे। अमर उजाला फाउंडेशन की इस मुहिम को सफल बनाने के लिए जम्मू का हर वर्ग एकजुट हो गया है। शिविर में रक्तदान करने के लिए जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के छात्र-छात्राओं से लेकर जम्मू नगर निगम (जेएमसी) के कर्मचारी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा रोटरी क्लब, विभिन्न महिला संगठन, प्रबुद्ध सोसाइटीज, धार्मिक गुरुओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस महादान का हिस्सा बनने के लिए एसएमजीएस अस्पताल पहुंचेंगे। शिविर को लेकर युवाओं और सामाजिक संस्थाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अमर उजाला फाउंडेशन और अस्पताल प्रशासन ने जम्मू के आम नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे एसएमजीएस अस्पताल पहुंचकर इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें। क्योंकि आपका दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद को जिंदगी की नई उम्मीद दे सकता है। शिविर में आने वाले रक्तदाताओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और उन्हें फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।