रेडक्रास अटेंडेंट सराय महेशपुरा चौक पर बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर लगाए गए रक्तदान शिविर में जोश और उत्साह के साथ रक्तदाता पहुंचे।
‘अमर उजाला फाउंडेशन, जीएमसी के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसन विभाग, रीजनल रेडक्रास सोसायटी और जेएंडके एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहयोग से मानव कल्याण के लिए की गई इस पहल में हर वर्ग के लोगों ने रक्तदान कर महादान का संदेश दिया।
खासकर छात्राओं ने दिखाया कि दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदान के लिए पहुंचे रक्तदाताओं को ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से मौके पर प्रमाण पत्र जारी किए गए।
रक्तदाताओं को जारी किए गए प्रमाण-पत्र
अटेंडेंट सराय में सुबह नौ बजे रक्तदान शिविर शुरू किया गया। दोपहर दो बजे तक चले शिविर में महिला सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं, वालंटियर, कर्मचारियों के साथ ‘अमर उजाला’ परिवार के सदस्यों ने रक्तदान कर मानव कल्याण के लिए अपना योगदान दिया।
शिविर में अधिकांश पहली बार रक्तदान के लिए पहुंचे थे तो कुछ राहगीर रक्तदान से प्रेरित होकर पहुंचे। इस बीच एक समय ऐसा भी आया जब रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा।
रक्तदान के लिए पहुंचे रक्तदाताओं के पते, मोबाइल नंबर, ईमेल, ब्लड ग्रुप आदि महत्वपूर्ण जानकारियां ली गईं, ताकि भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के लिए दोबारा उनका रक्तदान लिया जा सके।
पहली बार रक्तदान करने वालों में रहा जोश
शिविर में पहुंचे रक्तदाता जेएंडके एड्स कंट्रोल सोसायटी की मोबाइल ब्लड बस को देख उत्साहित हुए। बस से लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा बस के भीतर रक्तदान के दौरान रक्तदाताओं के लिए कई मनोरंजन के साधन थे।
इससे पूर्व जीएमसी के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसन विभाग के एचओडी प्रो. विजय साहनी और रीजनल रेडक्रास सोसायटी के सचिव रवि चंद्र पूरी ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।
शिविर को सफल बनाने में महिला परेड कालेज की प्रो. निधि कोतवाल, एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहायक निदेशक (युवा मामले) राजेश शर्मा, जीएमसी स्टाफ से डा. नवीन, विजय, मुसरद, राजेश ने योगदान दिया।