आरएस पुरा। गांव बड़ियाल ब्राह्मणा में उपायुक्त अवनी लवासा की अध्यक्षता में बुधवार को जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं गईं। दरबार में डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत सहित कई सरपंचों, पंचों व ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सहित कई समस्याएं रखीं।
उपायुक्त ने कहा कि प्राथमिकता के साथ परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए 2022-23 वित्त वर्ष के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर सरपंच व पंच भी जागरूक होकर काम करना शुरू करें। दरबार में बताई गई समस्याओं को संबधित विभाग अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएंगे। जिन दिक्कतों के बारे में जानकारी मुहैया कराई गई है, उसका शीघ्र समाधान किया जाएग।
डीडीसी, सरपंच व पंचों से अपील की कि वह माह में एक बार पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें, और समस्याओं को लेकर काम करें। जिला परिषद चेयरमैन भारत भूषण ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि जन समस्याओं को रखा जाए उन्हें हल किया जाए। उन्होंने कहा कि वो प्रयास करेंगे कि जिन समस्याओं को बताया गया है उनको जल्द से जल्द हल किया जाएगा। भारत भूषण ने कहा कि दो दिन के भीतर नहरों में पानी उपलब्ध हो जाएगा। आरएस पुरा मुख्य मार्ग का काम भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उपायुक्त ने बाढ़ पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम रामलाल शर्मा, तहसीलदार शुब अहमद शाद व अन्य मौजूद रहे। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया।
-----
सरपंच-पंचों व ग्रामीणों ने बताई यह समस्याएं
सरपंच व पंचों सहित ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण करने, खेल के मैदान तैयार करने, बिजली ढांचे को सही करने के अलावा आरएस पुरा मुख्य मार्ग को ठीक कराने की मांग रखी। उन्होंने सिंचाई के लिए ट्यूबवेल ठीक कराने की मांग रखी। ग्रामीणों ने गांव दड़प में नहरी पानी की आपूर्ति कराने के लिए साइफन को ठीक कराने की मांग रखी। किसानों ने कहा कि पानी न मिलने के कारण उनकी फसलें सूख रही हैं। किसानों ने इसके लिए मुआवजे की मांग भी रखी। नगर पालिका की ओर से बडियाल ब्राह्मण के ग्रामीण क्षेत्र में कूड़ा करकट फेंकने को लेकर किसानों के खेतों में लगी सब्जियां व फसल खराब होने पर शीघ्र इसका समाधान किए जाने के लिए कहा ।
रख अंब टाली में ब्लॉक दिवस पर उपायुक्त ने सुनी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के रख अंब टाली पंचायत में ब्लॉक दिवस कार्यक्रम में उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकतर मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
गौरतलब है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर रख अंब टाली पंचायत के पंच-सरपंच ने तीन बार ब्लॉक दिवस का बहिष्कार कर दिया था। अब स्वयं उपायुक्त ने ब्लॉक दिवस में पहुंच कर लोगों की समस्याओं को सुना। सरपंच विनोद कुमार के अनुसार उनकी पंचायत में पानी की किल्लत है। कई बार प्रशासन को समस्या बताने के बावजूद भी समाधान नहीं हो सका। इस कारण उन्होंने ब्लॉक दिवस का बहिष्कार किया था। उपायुक्त ने पानी व बिजली की समस्या के समाधान के लिए मौके पर ही निर्देश जारी किए। इस अवसर पर डीडीसी सदस्य सुभाष भगत ने उपस्थित लोगों को कहा कि चुनाव के लिए मतदाता सूची बन रही है। नए मतदाता के लिए अपने अपने बीएलओ से संपर्क करें। मौके पर एसीआर मनु हंस व अन्य जिला अधिकारी भी उपस्थित थे।