अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सांबा और जम्मू में अवैध खनन की संबंधित जिला उपायुक्तों के पास शिकायत दर्ज हुई। शिकायत में कहा है कि तीन महीने से पर्यावरण मंजूरी नहीं दी जा रही। इसके बावजूद जम्मू और सांबा में खनन जारी है। चौधरी पावर प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी ने दोनों जगहों पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि सांबा में घगवाल, गांव मालानी, गांव राय, गांव बेला मनहोर, गांव मुढेरा नानक चक, गांव पेंथी, गांव टांडा सहित अन्य स्थानों पर अवैध खनन किया जा रहा है। इसी तरह जम्मू में गांव लल्याल, गांव गसीतपुर, सयोड़ा, बेलिचराना, चक गनेशू, नंदनी, अखनूर और न्यू त्रिकुटा में स्टोन क्रशर मालिक नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। बता दें जम्मू में 30 में से 28 ब्लाक बंद होने के बावजूद कई स्टोन क्रशरों पर खनन हो रहा है। सतवारी, मीरां साहिब समेत कई अन्य जगहों पर रात के 8 बजते ही अवैध खनन शुरू हो जाता है। सांबा, आरएस पुरा, अखनूर आदि में सबसे ज्यादा खनन रात में ही होता है।
जिला उपायुक्त के पास शिकायत की गई थी। हमें भी स्टोन क्रशर के नाम बताए गए हैं। इनकी जांच कर रहे हैं। अवैध खनन करने पर उचित कार्रवाई करेंगे।
-मोहम्मद सईद, डीएमओ सांबा
जम्मू के 30 ब्लाक बंद हैं। शिकायतें आई हैं। कई क्रशरों को बंद करवाया है। कइयों ने खुद ही बंद कर दिए। अवैध खनन हो रहा है तो कार्रवाई भी कर रहे हैं।
-गुलशन कुमार, डीएमओ जम्मू