फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लैक फंगस: जम्मू-कश्मीर में महामारी घोषित, प्रदेश सरकार ने जारी की अधिसूचना, कठुआ में चार और संदिग्ध मिले

Tue, 25 May 2021 12:08 AM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू

सार

प्रदेश में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया गया है। बीमारी को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
ब्लैक फंगस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) को महामारी घोषित कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने सोमवार को महामारी रोग अधिनियम 1897 के तहत इसकी अधिसूचना जारी कर दी। ब्लैक फंगस के देश में कई राज्यों में मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को ब्लैक फंगस को भी महामारी घोषित कर इसे अधिसूचित करने के लिए कहा था। इसबीच सोमवार को कठुआ जिले से चार और संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल आठ मामले सामने आ चुके हैं। अभी तक सिर्फ दो लोगों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। इसमें एक की मौत हो चुकी है, अन्य की रिपोर्ट का इंतजार है। 

विज्ञापन


प्रदेश में ब्लैक फंगस के महामारी घोषित होने के बाद अब आईसीएमआर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय व जम्मू कश्मीर सरकार की तरफ से जारी दिशा निर्देशों व समय समय पर होने वाले संशोधनों के आधार पर इसके मरीजों का उपचार होगा। सभी सरकारी व निजी स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कालेजों को भी सरकारी दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करना होगा। ब्लैक फंगस के संदिग्ध लक्षण वालों मामलों को जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट करेंगे। कोई भी व्यक्ति, संस्थान या संगठन बिना स्वास्थ्य सेवा निदेशालय जम्मू व स्वास्थ्य सेवा निदेशालय कश्मीर की अनुमति के बिना ब्लैक फंगस पर कोई सूचना या सामग्री का प्रचार प्रसार नहीं कर पाएगा। आदेश के उल्लंघन पर स्वास्थ्य सेवा निदेशक जम्मू व स्वास्थ्य सेवा निदेशक कश्मीर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की अध्यक्षता में जिला स्तर की कमेटियां इनकी जांच करेंगी और उल्लंघन पाए जाने पर व्यक्ति, संस्थान या संगठन के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई होगी।

इस कमेटी में इंटरनल मेडिसन, नेत्र, ईएनटी और महामारी विशेषज्ञ डाक्टर शामिल होंगे। 

कठुआ की माइक्रो बायोलॉजी लैब में परीक्षण शुरू
जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन मरीजों में लक्षण पाए जाने के बाद जीएमसी प्रशासन ने माइक्रो स्कोपिक जांच के बाद सैंपल जांच के लिए दे दिए हैं। इनकी जांच जीएमसी कठुआ की माइक्रो बायोलॉजी लैब में ही की जा रही है। उधर, पूर्व में संदिग्ध मिले ब्लैक फंगस के मामले में जांच पूरी नहीं हो पाई है। दरअसल माइक्रो स्कोप जांच पूरी होने के बाद ही संक्रमित ने दम तोड़ दिया था, जिसके बाद जीएमसी प्रशासन अब अन्य संदिग्ध मामलों को गंभीरता से ले रहा है। 
विज्ञापन


रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
जीएमसी के एक वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि चार संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इन्हें सीधे तौर पर ब्लैक फंगस नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल जांच रिपोर्ट के आने का इंतजार है। अगले चौबीस से 48 घंटे में स्थिति साफ हो जाएगी। दवाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर की ओर से दवाएं उपलब्ध करवाने की बात कही गई है। जल्द ही इसके लिए दवाएं हासिल करने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन


कहां कितने मरीज
जम्मू    02     (पुष्टि)
कठुआ 05   (संदिग्ध)
श्रीनगर 01    (संदिग्ध)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें