विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही पार्टियों में प्रत्याशी को लेकर घमासान मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी में तो प्रत्याशी बनने के लिए लोग खुल कर मैदान में उतर आए हैं और टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ने की तैयारी कर ली है।
बुधवार को भाजपा में पिछले 20 सालों से रहे योगेश शर्मा ने मुरादपुर में एक बैठक की। इसमें कार्यकर्ताओं ने साफतौर पर कह दिया कि यदि योगेश शर्मा के सिवाय कोई और प्रत्याशी आया तो वह भाजपा को समर्थन नहीं देंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा में पूर्व सांसद तालिब हुसैन को राजोरी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने पर विचार चल रहा है। इस पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि तालिब हुसैन भाजपा का हिस्सा नहीं हैं। उनका भाजपा को मजबूत करने में कोई योगदान नहीं है, इसलिए उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाना चाहिए।
टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ने की तैयारी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि योगेश शर्मा पिछले 20 सालों से पार्टी के लिए तन-मन से काम कर रहे हैं। इसलिए पार्टी के उम्मीदवार वहीं होंगे।
योगेश शर्मा के लिए कार्यकर्ताओं ने साफतौर पर कहा कि यदि उन्हें पार्टी प्रत्याशी नहीं बनाती तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ें, इस पर योगेश शर्मा ने भी हामी भर दी है।
बतातें चलें कि कुछ दिन पहले राजोरी आए पार्टी के पर्यवेक्षक के समक्ष भी योगेश शर्मा ने साफ शब्दों में बोल दिया था कि अगर उन्हें टिकट नहीं मिला तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। वहीं बैठक में योगेश शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का जो निर्णय होगा, वह उसका पालन करेंगे।
प्रत्याशी कोई भी, भाजपा को नहीं छोड़ेंगे
दूसरी ओर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य उपाध्यक्ष रंजीत तारा ने बुधवार को एक बैठक में कहा कि भाजपा की तरफ से कोई भी प्रत्याशी हो, वह उसका समर्थन करेंगे।
क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी से जुड़े हुए हैं न कि प्रत्याशी से। वह लोग पार्टी के निर्णय का समर्थन करेंगे।
जो लोग उम्मीदवार न बनाए जाने पर पार्टी को छोड़ने की बात कर रहे हैं, वह पार्टी के सच्चे सिपाही नहीं हो सकते। यह समय भाजपा को सत्ता में लाने का है, न कि आपस में दरार डालने का।