विलय दिवस पर श्रीनगर में तिरंगा रैली निकालते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : NOIDA
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर भाजपा की कुपवाड़ा इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लाल चौक में तिरंगा फहराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें तिरंगा नहीं फहराने दिया। पुलिस ने तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सोमवार सुबह तीन कार्यकर्ता एक गाड़ी से लाल चौक स्थित घंटा घर पहुंचे और वहां राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की कोशिश की। इस दौरान वहां तैनात पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें तिरंगा फहराने से रोका दिया। इस पर तीनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘बीजेपी कुपवाड़ा यूनिट जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं एक कार्यकर्ता ने यह भी कहा, ‘महबूबा से कह दो कि मैं हिंदुस्तान का तिरंगा कश्मीर के हर कोने में लहराएगा।’
दरअसल, भाजपा कार्यकर्ताओं में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती द्वारा हाल ही में दिए गए बयान को लेकर आक्रोश है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह तब तक कोई भी झंडा नहीं उठाएंगी जब तक जम्मू कश्मीर का अपना झंडा और संविधान बहाल नहीं किया जाएगा।
भाजपा प्रवक्ता मंजूर भट ने बताया कि पार्टी का लाल चौक में झंडा फहराने का कोई कार्यक्रम नहीं था। मगर आज लोगों के दिलों में तिरंगे और भारत माता के प्रति जज्बा है। अपने जज्बात जहिर करने के लिए कुछ भाजपा कार्यकर्ता कुपवाड़ा जिले से तिरंगा फहराने के लिए वहां पहुंचे। वहीं, पुलिस द्वारा उन्हें रोके जाने को लेकर उन्होंने कहा कि जब हमारी श्रीनगर शहर की तिरंगा रैली से कोई हालात नहीं बिगड़े तो इन तीन कार्यकर्ताओं से क्या कुछ हो जाना था। पुलिस को उन्हें इजाजत देनी चाहिए थी, लेकिन नहीं दी।