विधान परिषद की छह सीटों के लिए चुनाव के रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान ने सोमवार को नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन चार सीटों के लिए उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया। विजयी घोषित किए गए उम्मीदवारों में कश्मीर संभाग की तीन सीटों में भाजपा के गिरधारी लाल रैणा उर्फ अजय भारती, पीडीपी के यासिर रेशी और नेशनल कांफ्रेंस के आगा सईद महमूद के अलावा पुंछ की आरक्षित सीट से भाजपा के प्रदीप शर्मा को निर्विरोध विजेता घोषित हुए हैं।
रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान के अनुसार भाजपा के उम्मीदवार गिरधारी लाल रैणा के समर्थन में सोमवार को भाजपा के ही अन्य उम्मीदवार अशोक कुमार भट्ट ने नामांकन वापस ले लिया। इससे रैणा को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया है। कश्मीर संभाग की अन्य दो सीटों पर पीडीपी के यासिर रेशी और नेकां के आगा सईद महमूद इकलौते उम्मीदवार होने से उन्होंने भी बिना चुनाव लड़े विजयी घोषित कर दिया गया है। पुंछ की आरक्षित सीट से भाजपा के प्रदीप शर्मा को विजयी घोषित किया गया है।
उनका कहना हैं कि अब केवल जम्मू की दो सीटों पर तीन उम्मीदवार जिसमें पीडीपी के अब्दुल क्यूम डार, भाजपा के विक्रम रंधावा और कांग्रेस के ठाकुर बलवीर सिंह हैं। इनके निर्वाचन के लिए 17 अप्रैल को मतदान करवाया जाएगा।