भाजपा राष्ट्रीय महासचिव राममाधव
- फोटो : ANI
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव ने कहा हैं कि अनुच्छेद 370 और 35ए जम्मू कश्मीर के भारत में संपूर्ण विलय में बाधा है। नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी अनुच्छेद पर झूठ का प्रचार कर रही है। सत्य तो यह हैं कि अनुच्छेद की आड़ में इन पार्टियों जम्मू कश्मीर को गरीबी की तरफ ढकेला है। राज्य का भारत में विलय 1947 में ही हो गया था। अनुच्छेद 370 और 35ए इसके काफी बाद आए और इनका विलय से कोई लेना देना नहीं है।
जम्मू के डिग्याना क्षेत्र के अकाली कौर सिंह नगर में भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा के समर्थन में आयोजित चुनाव रैली को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि पीडीपी और नेकां ने अनुच्छेद 370 और 35ए की आड़ में केवल अपने परिवारों का भला किया हैं। जनता को कोई भला नहीं किया। भाजपा का एजेंडा विकास का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता एक बार फिर प्रधानमंत्री के रूप में देखने का मन बना चुकी है। ऐसे में महामिलावट वाले दल चाह कर भी कुछ नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कांग्रेस देश में सौ सीटों का आंकड़ा नहीं छू पाएगी। राहुल गांधी को पैतृक सीट से भागकर केरल की वायनाड सीट का सहारा लेना पड़ा है। राहुल गांधी को खुद अपनी जीत का भरोसा नहीं है तो कांग्रेस के अन्य नेताओं का क्या हाल होगा।
उन्होंने कहा मोदी सरकार ने देश में जन कल्याणकारी योजनाओं से लोगों का जीवन स्तर ऊंचा किया है। देश का मान सम्मान विश्व में बढ़ाया है। उन्होंने कहा 1984 के दंगों के केसों को कांग्रेस ने बंद कर दिया था। सबूत नष्ट करने के प्रयास किए गए लेकिन मोदी सरकार में सच बाहर आया। कसूरवारों को दशकों बाद सजा मिली। उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के बड़े बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे है। चुनाव लड़ने तक के लिए नेकां व पीडीपी का सहारा कांग्रेस को लेना पड़ा। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना, उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह बलोरिया आदि भी मौजूद रहे।