भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा ने अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के पासपोर्ट मामले में पीडीपी भाजपा में मतभेदों से इंकार करते हुए कहा कि केंद्रीय विदेश मंत्रालय इस मामले में जो उचित होगा कार्रवाई करेगा। सांसद ने विपक्ष पर जम्मू में एम्स और कृत्रिम झील के मुद्दे पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जम्मू में एम्स भी बनेगा और कृत्रिम झील का निर्माण कार्य भी पूरा होगा।
भाजपा इसके लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी मुख्यालय में वीरवार को राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास और जम्मू पश्चिम के विधायक सत शर्मा के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर के करीब 25 हजार एसपीओ का वेतन दोगुना कर अपने वादे को पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि एसपीओ को अब तीन हजार के बजाए छह हजार रुपये मासिक वेतन मिला करेगा।
शर्मा ने कहा कि जम्मू में एम्स भी खुलेगा और कृत्रिम झील का निर्माण कार्य भी पूरा होगा। भाजपा इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में ही तबकी स्वास्थ्य मंत्री सुषमा स्वराज ने जम्मू में एम्स की आधारशिला रखी थी लेकिन बाद में कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार ने इस प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जम्मू में एम्स खोलने के साथ-साथ इस मामले की जांच भी करर्वाई जाएगी।
सांसद ने कहा कि रियासत में अलगाववाद को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। पाक झंडे लहराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास ने कहा कि मोदी सरकार एक साल पूरे होने पर देश भर की तरह रियासत जम्मू कश्मीर में भी 26 मई से जन कल्याण पर्व मनाया जाएगा और एक साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक साल में ही आम आदमी के कल्याण के लिए 56 योजनाओं और परियोजनाओं को शुरू किया है।