लोकसभा में पीडीपी के सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मुज्जफर हुसेन बेग ने दोनों तरफ से बयानबाजी के चलते जम्मू कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार की शुरुआत को अच्छी नहीं बताया है। बेग का कहना है कि गठबंधन सहयोगी दोनों दलों पीडीपी और भाजपा के परस्पर विरोधी बयानों से भ्रम की स्थिति पैदा हुई है।
बहरहाल उन्होंने आशा प्रकट की हैं कि दोनों दलों का तालमेल आगे बेहतर रहेगा। उनका कहना है कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम में पाकिस्तान और हुर्रियत से बातचीत करने के अलावा सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम को हटाने पर स्पष्ट लिखा गया है। बेग का कहना हैं कि गठबंधन सरकार पर मजबूरी की वजह से नहीं, बल्कि समझौते पर चलती है।
बेग का कहना है कि उनका कोई निजी हित नहीं हैं और और उन्होंने 27 दिसंबर को मुफ्ती सईद को पत्र भी लिखा था। इसमें मुख्यमंत्री मुफ्ती सईद से कहा गया था कि अगर वह चाहें तो उनका इस्तीफा संसद की स्पीकर सुमित्रा महाजन को भेज सकते हैं।
उनका कहना है कि 23 दिसंबर को रियासत में खंडित जनादेश के बाद पीडीपी कांग्रेस या फिर भाजपा नेकां स्थिर सरकार देने में सक्षम नहीं थी।